धौलपुर के मरैना स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को छात्राओं ने एक शिक्षक के ट्रांसफर के विरोध में प्रदर्शन किया। छात्राओं ने स्कूल के बाहर राजाखेड़ा मुख्य मार्ग पर धरना देकर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। यह प्रदर्शन विद्यालय में कार्यरत शिक्षक बहादुर सिंह के रामगंज मंडी (कोटा) ट्रांसफर के विरोध में किया गया। छात्राओं का कहना था कि शिक्षक के जाने से उनकी पढ़ाई प्रभावित होगी, इसलिए वे यह ट्रांसफर रद्द करने की मांग कर रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही दिहोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस के साथ-साथ स्कूल प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। समझाइश के बाद मानी छात्राएं बाद में स्कूल के प्रिंसिपल और दिहोली थाना प्रभारी सुखराम बिश्नोई ने छात्राओं से बातचीत की। काफी समझाइश के बाद छात्राओं ने अपना धरना समाप्त कर दिया और सड़क से जाम हटा लिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं थीं, लेकिन प्रशासन की तत्परता से स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई।