धौलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बीमा क्लेम फर्जीवाड़े का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि एक ही ट्रैक्टर को अलग-अलग हादसों में दिखाकर बीमा कंपनी से लाखों रुपए का अवैध क्लेम लेने की कोशिश की गई। सदर और कोतवाली थाने में दर्ज हुए 2 मामले जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर को 2 अलग-अलग दुर्घटनाओं में शामिल दिखाया गया। पहली घटना थाना सदर में 30 मार्च 2025 के तहत दर्ज की गई थी। दूसरी घटना कोतवाली थाना में दर्ज हुई। शिकायत में बताया गया है कि पहले मामले में ट्रैक्टर पुलिस की हिरासत में था, इसके बावजूद उसे दूसरे मामले में सड़क दुर्घटना में शामिल दिखाकर क्लेम लेने का प्रयास किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस पूरे प्रकरण में वाहन मालिक, ड्राइवर और कुछ अन्य व्यक्तियों ने मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच की शुरू बीमा कंपनी से बड़ी राशि का मुआवजा प्राप्त करने के लिए झूठी एफआईआर और संबंधित कागजात प्रस्तुत किए गए। मामले की गहन जांच के लिए संबंधित व्यक्तियों के मोबाइल नंबरों की CDR (कॉल डिटेल रिकॉर्ड) और CAF (कस्टमर एप्लीकेशन फॉर्म) रिपोर्ट की जांच की मांग की गई है, ताकि इस साजिश का पूरी तरह से खुलासा हो सके। शिकायत दर्ज होने के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान वाहन मालिक चंद्र प्रकाश (पुत्र अतर सिंह, निवासी पुरानी छावनी) और दिलीप (पुत्र हेमसिंह, निवासी हिन्नोदा) को गिरफ्तार किया गया है।