धौलपुर के सदर थाना क्षेत्र में भरतपुर बाईपास के पास मंगलवार अलसुबह एक चलते ट्रक में आग लग गई। बैटरी में स्पार्किंग से लगी आग के कारण ट्रक का स्टीयरिंग लॉक हो गया और वह अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गया। यह घटना मंगलवार सुबह करीब 4 बजे हुई। ट्रक भरतपुर की ओर से खाली लौट रहा था। बैटरी में अचानक हुई स्पार्किंग ने देखते ही देखते आग का रूप ले लिया। स्थिति गंभीर होते देख ड्राइवर रिंकू (35) पुत्र दशरथ, निवासी जौरा, मध्य प्रदेश ने चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई गिरवर लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस हादसे में ट्रक को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।