धौलपुर जिले के बसेड़ी थाना क्षेत्र के जारगा में शनिवार को ग्रामीणों की सतर्कता से बच्चियों के अपहरण का एक कथित प्रयास विफल हो गया। ग्रामीणों ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार दो अज्ञात युवक बच्चियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे। बच्चियों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत सतर्क हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की घेराबंदी की और उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। सूचना मिलने पर बसेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। बसेड़ी थाना प्रभारी बालकृष्ण चौधरी ने बताया कि दोनों संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।