धौलपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के नेकपुर गांव में बजरी माफियाओं की बढ़ती दबंगई से ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार 29 मार्च 2026 की शाम करीब 7 बजे चंबल बजरी से भरे ट्रैक्टर ड्राइवर गांव में तेज गति से वाहन चला रहे थे। वे अश्लील गाने बजा रहे थे और महिलाओं के प्रति अभद्र व्यवहार कर रहे थे। जब ग्रामीणों ने उन्हें रोककर धीमी गति से वाहन चलाने की समझाइश की, तो ट्रैक्टर ड्राइवर गाली-गलौज पर उतारू हो गए और मारपीट का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान सोना का पुरा निवासी चुन्नू कुशवाह ने कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। वहीं, उसके चाचा नरेश पर शिवनारायण त्यागी को फोन पर धमकियां देने का भी आरोप है। ग्रामीणों ने बताया कि इस घटना की शिकायत 30 मार्च को सदर थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसके विपरीत, आरोप है कि विपक्षी पक्ष द्वारा झूठी एफआईआर दर्ज कराने का प्रयास किया गया, जिसे जांच के दौरान संदिग्ध पाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि बजरी कारोबारियों की इन गतिविधियों से गांव में दहशत का माहौल है और कभी भी कोई गंभीर घटना हो सकती है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से तत्काल हस्तक्षेप कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और गांव में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।