चौथ का बरवाड़ा से वाया शिवाड़ होकर जयपुर जाने वाले मार्ग पर डिडायच गांव में 101 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण होगा। अभी यहां पर छोटी रपट होने के कारण बारिश में करीब 4 महीने तक यातायात बंद रहता है। ऐसे में लोगों को 25 किलोमीटर दूर शिवाड़ जाने के लिए वाया टोंक होकर 70 किलोमीटर का चक्कर लगाकर जाना पड़ता है। सोमवार को सुबह 10:00 बजे विधायक जितेंद्र गोठवाल पुल निर्माण के लिए शिलान्यास करते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं आएगी। उन्होंने पूर्व विधायक पर उनके समय क्षेत्र में विकास नहीं करने का आरोप लगाते हुए झूठे वादे करने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से 2 लाख से अधिक लोगों को फायदा होगा तथा शिवाड़ एवं जयपुर जाने के लिए बारिश में आने वाली समस्या दूर होगी। पूरे जिले में खंडार को विकास में नंबर वन लाना उनका लक्ष्य है। बारिश में चार महीने बंद रहा यातायात चौथ का बरवाड़ा से शिवाड़ एवं जयपुर जाने के लिए बनास नदी पार करनी पड़ती है। बनास नदी में अब तक करीब 20 करोड़ रुपए की लागत से दो स्थानों पर रपट बनाई गई है, लेकिन दोनों ही रपट की ऊंचाई कम होने से हर बार बारिश में बनास नदी का पानी रपट पर आ जाता है। जिसके चलते बरसात में शिवाड़ एवं जयपुर जाने वाला मार्ग बंद हो जाता है। इस साल यह मार्ग करीब 4 महीने तक लगातार पानी आने से बंद रहा। 3 सालों में 10 लोगों की मौत नदी पार करने के चक्कर में 3 सालों में 10 लोगों की मौत हो चुकी है। चार महीने पहले 35 यात्रियों से भरी बस भी बनास नदी के बीचों-बीच फंस गई। इसके बाद से यहां पर लगातार बड़े पुल निर्माण की बात चल रही थी। जिसके बाद 2 साल पहले विधायक जितेंद्र गोठवाल ने यहां पुल निर्माण के लिए 101 करोड़ रुपए का बजट राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत करवाया है। इनपुट-दिलराज मीणा।