डीडवाना में शुक्रवार को जिला जल एवं स्वच्छता समिति की मासिक बैठक हुई। अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में जल जीवन मिशन के कामों और ग्रामीण इलाकों में पेयजल की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में पेयजल परियोजनाओं की पैकेजवार प्रगति रिपोर्ट देखी गई। हर घर जल रिपोर्ट और संबंधित गांवों के प्रमाणन की स्थिति की जानकारी भी ली गई। रतन कुमार ने फील्ड टेस्ट किट से पेयजल के नमूनों की नियमित जांच करने को कहा। स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल कनेक्शन और पानी की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। उन्होंने जल सेवा आकलन की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। बिलों के भुगतान की प्रगति रिपोर्ट देखी बैठक में पूरी हो चुकी पेयजल योजनाओं के अंतिम बिलों के भुगतान की प्रगति रिपोर्ट देखी गई। रतन कुमार ने लंबित भुगतान के काम जल्द पूरे करने और तय लक्ष्यों के अनुसार योजनाओं पर काम करने के निर्देश दिए। बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता लोहित तंवर, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, वन विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और कृषि विस्तार विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।