डीडवाना के बांगड़ कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए विदेशी भाषाओं का ऑनलाइन प्रशिक्षण जल्द शुरू होगा। यह पहल करियर को नई दिशा देने के उद्देश्य से की जा रही है। प्रशिक्षण हैदराबाद के एक प्रतिष्ठित भाषा संस्थान के सहयोग से संचालित होगा। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. मनीषा गोदारा ने बताया कि राज्य सरकार के प्रयासों और छात्र हितों को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसके तहत विद्यार्थियों को फ्रेंच, जर्मन, जापानी, स्पेनिश और कोरियन भाषाओं का ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्टूडेंट्स को मिलेंगे प्रमाण-पत्र प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। वर्तमान वैश्वीकरण के दौर में विदेशी भाषाओं का ज्ञान रोजगार के नए अवसर प्रदान करता है, खासकर बहुराष्ट्रीय कंपनियों (MNCs) और विदेशी दूतावासों में नौकरी के लिए यह कौशल उपयोगी साबित होता है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान रूप से लाभान्वित करना है। यह उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक युग के लिए तैयार करने में सहायक होगा। इस पहल को विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरे अवसर के रूप में देखा जा रहा है, जिससे वे अपने करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकेंगे।