डीडवाना में मंगलवार को आगुनता और खुनखुना के बीच एक निजी बस और कार में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि 2 बच्चों सहित 5 लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर जमा हो गए। सूचना मिलने पर खुनखुना थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को डीडवाना के जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज इस हादसे में बस में सवार 70 वर्षीय तेज सिंह पुत्र हनुमान सिंह निवासी बूड़ोद की इलाज के दौरान मौत हो गई। कार में सवार 30 वर्षीय हसीना बानो पत्नी इकबाल की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों में 5 वर्षीय रेहान, 6 वर्षीय उजेब, 62 वर्षीय पतासी देवी और आगुनता निवासी 40 वर्षीय लाला राम शामिल हैं। इन सभी का इलाज डीडवाना के जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने तेज सिंह के शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सुचारू कर दिया गया।