डीडवाना-कुचामन में जनगणना-2027 के सफल और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए शनिवार को जिला मुख्यालय पर उपखंड व चार्ज अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिला कलेक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुए इस प्रशिक्षण में जिले के सभी उपखंड अधिकारी और ग्रामीण व नगरीय निकायों के चार्ज अधिकारी शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को सीएमएमएस पोर्टल के संचालन, प्रगणक-पर्यवेक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम और एचएलओ ऐप की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं पर भी चर्चा कर उनके समाधान बताए गए। जिलाकलेक्टर अवधेश मीना ने अधिकारियों को स्वगणना प्रक्रिया को अच्छी तरह समझने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के समन्वय से आमजन तक स्वगणना की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकें। अधिकारियों ने प्रशिक्षण में सीएमएस पोर्टल पर डेटा कलेक्शन और पर्यवेक्षण की प्रक्रिया को व्यवहारिक रूप से समझा। कार्यक्रम में विभिन्न मॉड्यूल के माध्यम से जनगणना-2027 से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। अतिरिक्त जिला कलेक्टर विकास मोहन भाटी ने इस प्रशिक्षण को जनगणना प्रक्रिया की एक अहम कड़ी बताया। उन्होंने जिला स्तर से लेकर प्रगणक स्तर तक कार्य को सुव्यवस्थित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर राज्य स्तरीय ट्रेनर मेधा शर्मा, जिला सांख्यिकी अधिकारी बाबूलाल, मास्टर ट्रेनर अशोक सेवदा और जिला समन्वयक त्रिलोकचंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जनगणना-2027 के प्रथम चरण में 16 मई से 14 जून तक मकान सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा। वहीं, 1 मई से 15 मई तक स्वगणना चरण के तहत आमजन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।