डीडवाना में जिला कलेक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। इसमें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों, 'हरियालो राजस्थान' अभियान और विभिन्न विभागों के लंबित कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मंच व्यवस्था और अन्य तैयारियों की जानकारी दी। जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने 30 दिन से अधिक पुराने मामलों का तीन दिन के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। 'हरियालो राजस्थान' अभियान की समीक्षा करते हुए अवधेश मीना ने विभागवार पौधरोपण, जियो टैगिंग और लक्ष्य पूर्ति की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शीघ्र पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े उपखंड अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों, रास्तों से जुड़े विवादों और मुख्यमंत्री कार्यालय व जनसुनवाई से संबंधित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में 'कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान', 'जल संचय जन भागीदारी अभियान', जल जीवन मिशन, फॉलोअप शिविरों और ओबीसी सर्वे की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने सड़क सुरक्षा के तहत ब्लैक स्पॉट की पहचान करने, राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने और विभिन्न योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र शर्मा, उपखंड अधिकारी विकास मोहन भाटी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रवणराम, नगर परिषद आयुक्त जितेंद्र चौकीदार, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह देथा सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी उपखंड एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।