डीडवाना में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (सीपीआईएम) जिला कमेटी की बैठक स्थानीय मिर्धा पार्क में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नारायण राम डूडी ने की। इस दौरान दिवंगत साथियों को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। बैठक में जिला सचिव मोतीलाल शर्मा ने संगठनात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्रदेश सचिव किशन पारीक ने मुख्य वक्ता के रूप में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जिससे लाखों युवा रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन करने पर मजबूर हैं। पारीक ने आरोप लगाया कि मनरेगा श्रमिकों को समय पर और पूरी मजदूरी नहीं मिल रही है, जिसके कारण ग्रामीण परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। फसल खराबे का मुद्दा उठाया बैठक में डीडवाना क्षेत्र की 13 ग्राम पंचायतों में हुए फसल खराबे का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पार्टी नेताओं ने प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सर्वे कराकर राहत उपलब्ध कराने को कहा। जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के बाद पार्टी ने किसानों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं को लेकर आगामी दिनों में आंदोलन चलाने की रणनीति तैयार की। इस अवसर पर मोतीलाल शर्मा, भागिरथ यादव, भागीरथ नेतड़, अब्बास खां, जगदीश गोदारा, मदनलाल बेड़ा, हरदेवाराम अणदा, मनोज स्वामी और भंवरलाल सारण सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान-मजदूर प्रतिनिधि मौजूद रहे।