डीडवाना में भारत विकास परिषद् की डीडवाना शाखा ने रविवार को चिकित्सा उपकरण प्रकल्प का शुभारंभ किया। इस पहल के तहत जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। परिषद् के क्षेत्रीय महासचिव सीए संदीप बाल्दी ने अध्यक्षता की। समाजसेवी जितेंद्र सिंह जोधा, पीएमओ डॉ. अजीत सिंह शेखावत, क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव विनोद सेन और शाखाध्यक्ष डॉ. गजादान चारण विशिष्ट अतिथि रहे। सीए संदीप बाल्दी ने अपने संबोधन में कहा कि डीडवाना शाखा का यह चिकित्सा उपकरण प्रकल्प भविष्य में एक बड़ी सेवा इकाई के रूप में विकसित होगा। उन्होंने घोषणा की कि डीडवाना मॉडल से प्रेरणा लेकर भारत विकास परिषद् प्रदेश के प्रत्येक जिला मुख्यालय पर ऐसे प्रकल्प शुरू करेगी। मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति उसके संवेदनशील नागरिक और सेवा संस्थाएं हैं। उन्होंने परिषद् द्वारा शुरू किए गए इस प्रकल्प को मानवीय सेवा का अनुकरणीय उदाहरण बताया, जो जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ा सहारा बनेगा। शाखाध्यक्ष डॉ. गजादान चारण ने बताया कि राजकीय बांगड़ अस्पताल के सामने परिषद् के अस्थायी भवन से मरीजों को व्हीलचेयर, फोल्डिंग बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, नेबुलाइजर, सक्शन मशीन, कमोड चेयर, पल्स ऑक्सीमीटर और डिजिटल बीपी मशीन सहित विभिन्न चिकित्सा उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। पीएमओ डॉ. अजीत सिंह शेखावत ने इस प्रकल्प को बेहद उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल से छुट्टी के बाद घर पर उपचार के दौरान मरीजों को ऐसे उपकरणों की आवश्यकता होती है। वहीं, विनोद सेन ने परिषद् के स्थायी भवन निर्माण के लिए भामाशाहों और जनप्रतिनिधियों से सहयोग का आह्वान किया। समारोह में प्रकल्प के सहयोगी भामाशाहों को सम्मानित किया गया। सीए परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर 11वीं रैंक प्राप्त करने वाले तुषार बगड़िया को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र सोनी ने किया, जबकि राकेश जांगिड़ ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान परिषद् के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और मातृशक्ति बड़ी संख्या में मौजूद रहे।