डीडवाना-कुचामन जिला प्रशासन और जिला बास्केटबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय 'अस्मिता-खेलो इंडिया' बास्केटबॉल प्रतियोगिता का डीडवाना में समापन हुआ। इस प्रतियोगिता में केवल बालिका टीमों ने भाग लिया, जिसका उद्देश्य महिला खेलों को बढ़ावा देना था। जिला बास्केटबॉल संघ के प्रवक्ता अबरार अली बेरी ने बताया कि यह प्रतियोगिता राजकीय बांगड़ उच्च प्राथमिक विद्यालय (पिलती स्कूल) के खेल मैदान पर हुई। इसमें एनडीबीए, श्रीकांत क्लब, जीसी सोनी क्लब, ओपी सारड़ा क्लब, केएस राठौड़ क्लब, बीएम शास्त्री क्लब, पंजाब सिंह क्लब और नेमी चंद शर्मा क्लब सहित कुल 8 बालिका टीमों ने हिस्सा लिया। केएस राठौड़ क्लब दूसरे, बीएम शास्त्री क्लब तीसरे स्थान पर रहा प्रतियोगिता में श्रीकांत क्लब ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि केएस राठौड़ क्लब दूसरे और बीएम शास्त्री क्लब तीसरे स्थान पर रहा। विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने पुरस्कार प्रदान किए। समापन समारोह को संबोधित करते हुए एएसपी हिमांशु शर्मा ने खेलों को मानव विकास की अहम कड़ी बताया। उन्होंने डीडवाना में बास्केटबॉल के प्रति युवाओं के जुनून और बालिका वर्ग की बड़ी भागीदारी को प्रेरणादायक बताया। राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष अजीत सिंह राठौड़ ने इस आयोजन को टीम वर्क का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि डीडवाना का बास्केटबॉल परिवार समर्पण और खेल भावना का प्रतीक है, जहां खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, संसाधनों और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाता है। यह प्रतियोगिता भारत सरकार की खेलो इंडिया योजना के तहत 'अस्मिता' अभियान के अंतर्गत आयोजित की गई थी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर नरपत सिंह राठौड़, अशोक सारस्वत, अमजद एच पठान, मोहम्मद नईम, गोविंद गुर्जर, सुरेश मारोठिया, गुलाब कच्छावा, अनंत शर्मा, शकीला परिहार खान, असलम खान नेपाली सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।