डीडवाना में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में आगामी 'ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 (ग्राम-2026)' के प्रचार-प्रसार के लिए 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान मंगलवार को शुरू किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिला कलेक्टर अवधेश मीना और जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर ग्राम रथों को रवाना किया। यह अभियान 23 से 25 मई तक जयपुर में होने वाले 'ग्राम-2026' के बारे में व्यापक जानकारी देगा। इसके साथ ही आमजन को राज्य सरकार के 13 विभागों से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की जाएगी। पांचों विधानसभा क्षेत्रों में जाएंगे ग्राम रथ अभियान के तहत जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में ग्राम रथ भेजे गए हैं। ये रथ सभी ग्राम पंचायतों तक पहुंचेंगे, ताकि किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों को कृषि, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। जिला कलक्टर अवधेश मीना ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार यह अभियान ग्रामीण स्तर तक योजनाओं को पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अभियान के सुचारु संचालन के लिए संबंधित उपखंड अधिकारियों को नोडल अधिकारी तथा विकास अधिकारियों व कृषि अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। लोक कलाकार करेंगे लोगों को जागरूक ग्राम रथों के साथ लोक कलाकारों के कला जत्थे भी रहेंगे, जो सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेंगे। इसके अलावा प्रत्येक ग्राम पंचायत में संध्या चौपाल का आयोजन किया जाएगा, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी आमजन की समस्याएं सुनकर मौके पर ही समाधान का प्रयास करेंगे। गांव-ढाणी तक पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी कार्यक्रम में पूर्व विधायक मान सिंह किनसरिया, पूर्व जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी, मकराना प्रधान सुनीता भींचर और जीतेंद्र सिंह जोधा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य सरकार किसानों और पशुपालकों के हित में लगातार कार्य कर रही है। ग्राम रथ अभियान के जरिए योजनाओं की जानकारी गांव-ढाणी तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगी। इस अवसर पर एडीएम विकास मोहन भाटी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रवणराम जाखड़, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक हरिओम सिंह राणा, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. भगत सिंह, उद्योग विभाग के महाप्रबंधक हरेंद्रराम और तहसीलदार ओमप्रकाश मेव सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।