डीडवाना-कुचामन में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण के मतदान की तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुवार, 29 अक्टूबर को राजकीय बांगड़ महाविद्यालय में पांच पंचायत समितियों के 538 बूथों के लिए ईवीएम की कमीशनिंग शुरू हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में सभी 538 मतदान केंद्रों की बैलेट यूनिट (बीयू) और कंट्रोल यूनिट (सीयू) तैयार की जा रही हैं। मशीनों की तकनीकी जांच की गई, ताकि मतदान के दिन कोई तकनीकी दिक्कत न आए। कमीशनिंग रिटर्निंग अधिकारियों, सहायक रिटर्निंग अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हो रही है। हर बूथ के लिए तय मशीनों की जांच के साथ प्रतिनिधियों के सामने मॉक पोल कराया गया। जांच और मॉक पोल के बाद ईवीएम सील की गईं। कमीशनिंग पूरी होने के बाद ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच संबंधित पंचायत समितियों के अस्थायी स्ट्रांग रूम में रखा गया है। मतदान दलों की रवानगी के दिन तय प्रक्रिया के तहत मशीनें बांटी जाएंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना ने बताया कि शांतिपूर्ण, स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए प्रशासन तैयार है। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी रतन कुमार, मास्टर ट्रेनर रघुवीर सिंह, संबंधित अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।