डीडवाना-कुचामन जिले में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के पहले चरण 'मकान सूचीकरण और आवास जनगणना' के तहत आमजन से स्वगणना एप के माध्यम से जानकारी साझा करने की अपील की जा रही है। इसके साथ ही जिलेभर में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू हो गया है। जिला प्रशासन ने इसे राष्ट्र निर्माण की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताते हुए नागरिकों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया है। 'पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना' जिला कलेक्टर अवधेश मीना ने बताया कि जनगणना पूरी तरह से डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी। प्रगणक मोबाइल एप के जरिए घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 15 मई तक स्वगणना की प्रक्रिया जारी है, जिसमें नागरिक स्वयं मोबाइल एप के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। कलेक्टर मीणा ने बताया कि जनगणना में मकान, मोबाइल, फ्रिज, टीवी, वाहन सहित विभिन्न घरेलू सुविधाओं और संसाधनों से जुड़ी जानकारी दर्ज की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में स्वगणना एप का उपयोग कर सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना का कार्य सटीक रूप से पूरा हो सके। उन्होंने जोर दिया कि जनगणना के आंकड़े सरकार की भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों का आधार बनते हैं। 16 से 30 मई तक चलेगा पहला चरण इस बीच जनगणना के पहले चरण के लिए जिले के विभिन्न ब्लॉकों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू हो गया है। मास्टर ट्रेनर गोपाल गांधी ने बताया कि पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य 16 मई से 30 मई तक चलेगा। वहीं, दूसरे चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना का कार्य देशभर में एक साथ संपन्न कराया जाएगा।