डीडवाना-कुचामन में मंगलवार को जिला कलेक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की मासिक बैठक हुई। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक का उद्देश्य जिले में पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाए रखना और जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाना था। इसमें हर घर जल योजना, घरेलू नल कनेक्शन, पेयजल आपूर्ति, जल गुणवत्ता और लंबित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल कनेक्शन और बकाया कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न पेयजल योजनाओं की निविदा प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर भी जोर दिया। बैठक में ग्राम पंचायत स्तर पर जल सेवा आकलन, नल जल मित्रों की नियुक्ति और हर घर जल प्रमाणीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम रतन कुमार, पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता सुनील मानवताल और मुकेश गर्ग, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रवणराम, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।