डीडवाना-कुचामन पुलिस ने स्कूटी की डिग्गी से ढाई लाख रुपये चोरी के एक चर्चित मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय कडिया सांसी गैंग के 2 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर कुचामनसिटी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित सांसी और रितिक उर्फ काला को दबोचा। इन दोनों पर स्कूटी की डिग्गी से 2 लाख 50 हजार रुपये चोरी कर फरार होने का आरोप है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और लगातार की गई तलाश के आधार पर पुलिस दोनों आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी अंतर्राज्यीय कडिया सांसी गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। कुचामन सिटी थाना पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और अन्य आपराधिक वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।