डीडवाना-कुचामन जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण का 7 दिवसीय विशेष अभियान 27 अप्रैल से शुरू होगा। इस अभियान के तहत 14 साल की बेटियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी। सीएमएचओ डॉ. नरेंद्र चौधरी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। जिले के 74 चिकित्सा संस्थानों पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। सरकारी और निजी स्कूलों में पढ़ने वाली बालिकाओं को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 74 जगहों पर टीकाकरण की व्यवस्था जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. इरफान अली खत्री ने जानकारी दी कि बालिकाओं की सुविधा के लिए स्कूलों के निकट ही टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। अभियान में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और अन्य संबंधित विभागों का सहयोग लिया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी अपने क्षेत्र की 14-15 वर्ष की बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रत्येक सत्र के लिए लक्ष्य निर्धारित किए हैं। सीएचओ, एएनएम और आशा सहयोगिनी को प्रति सत्र कम से कम 10 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है, जबकि पीएचसी स्तर पर यह लक्ष्य 50 बालिकाओं का है। 18 हजार से ज्यादा बेटियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य जिले में लगभग 18,500 बालिकाओं को टीकाकरण के दायरे में लाने का लक्ष्य रखा गया है। टीकाकरण के लिए अभिभावकों की सहमति अनिवार्य होगी, जिसे यू-विन पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। जिन अभिभावकों के पास मोबाइल सुविधा नहीं है, उनसे लिखित सहमति लेकर उसे पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। टीकाकरण से पहले बालिका की आयु का सत्यापन जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड या अन्य वैध दस्तावेजों के माध्यम से किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान का लाभ दिलाकर उन्हें सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करें।