डीडवाना-कुचामन जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर 'महिला सुरक्षा संकल्प अभियान' शुरू हो गया है। राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान (आईपीएस) के नेतृत्व में 1 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जिलेभर में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन सेवाओं और उपलब्ध सुरक्षा उपायों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक एवं सशक्त बनाना है। 29 दिन तक चलेगा विशेष अभियान राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीडवाना-कुचामन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। अभियान के पहले सप्ताह की शुरुआत पुलिस लाइन, डीडवाना-कुचामन से हुई, जहां इसकी रूपरेखा और प्रस्तावित गतिविधियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। स्कूल-कॉलेजों से आमजन तक पहुंचेगा संदेश पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने बताया कि अभियान के दौरान जिलेभर में जनसंवाद, स्कूलों एवं कॉलेजों में संवाद, विभिन्न संस्थानों में संपर्क अभियान तथा अन्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिला सुरक्षा का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। अधिकारों और हेल्पलाइन की दी जाएगी जानकारी अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों, हेल्पलाइन सेवाओं और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी जाएगी। पुलिस का उद्देश्य है कि महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हों और किसी भी आपात स्थिति में उपलब्ध सुरक्षा तंत्र का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें।