डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस ने 2 दिवसीय विशेष अभियान चलाकर 95 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में की गई। इस अभियान में 60 पुलिस टीमों के 225 अधिकारियों और कार्मिकों ने भाग लिया। इन टीमों ने जिलेभर में 428 स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने अभियान के दौरान कुल 26 मामले दर्ज किए। इनमें आबकारी अधिनियम के तहत 14, आरएनसी एक्ट के तहत 5, आरपीजीओ एक्ट के तहत 2, धूम्रपान अधिनियम के तहत 4 और बाल श्रम से संबंधित 1 प्रकरण शामिल है। गिरफ्तार किए गए 95 व्यक्तियों में 3 जघन्य मामलों के वांछित अपराधी, 11 स्थायी वारंटी, 34 गिरफ्तारी वारंटी और 8 सामान्य प्रकरणों के वांछित आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा बीएनएसएस की धारा 170 के तहत 61 व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया। एसपी शिवरान ने बताया कि जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में कानून का भय कायम रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित इधर एसपी प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर साइबर जागरूकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिलेभर में विभिन्न स्थानों पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क रहने और डिजिटल सुरक्षा अपनाने के लिए जागरूक करना था। पुलिस के अनुसार प्रत्येक महीने साइबर जागरूकता दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य लक्ष्य साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों पर अंकुश लगाना है, साथ ही लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति शिक्षित करना है। अभियान के तहत छात्रों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को फर्जी कॉल, ऑनलाइन धोखाधड़ी, ओटीपी साझा करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और सोशल मीडिया से जुड़े साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। प्रतिभागियों को यह भी सलाह दी गई कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।