डीडवाना-कुचामन जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुचामन सिटी सेक्टर के चिन्हित साइबर ठगी हॉटस्पॉट्स पर एक साथ दबिश दी गई। इस अभियान में 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने भाग लिया और अलग-अलग थाना इलाकों में एक साथ कार्रवाई की। कुचामन, नांवा, चितावा और मारोठ थाना पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से इस अभियान को अंजाम दिया। म्यूल खाताधारकों के खिलाफ 4 FIR दर्ज इस कार्रवाई के दौरान म्यूल खाताधारकों के खिलाफ 4 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इन मामलों में निवेश, नौकरी और सरकारी योजनाओं का झांसा देकर लाखों से लेकर 2 करोड़ रुपए तक की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक आरोपी चेतन को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। 50 से ज्यादा साइबर ठगी की शिकायतों का खुलासा पुलिस के अनुसार इस अभियान से 50 से ज्यादा साइबर ठगी की शिकायतों का खुलासा हुआ है। 100 से अधिक म्यूल खाताधारकों को जांच के दायरे में लिया गया है। इन खातों में 2 करोड़ रुपए से अधिक के संदिग्ध लेनदेन की शिकायतें दर्ज हैं। इन खातों से जुड़े मामले तेलंगाना, महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली जैसे कई राज्यों में भी दर्ज हैं। 17 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया दबिश के दौरान 17 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने 7 बाइक और 8 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। समन्वय पोर्टल के माध्यम से अन्य आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि साइबर अपराध में शामिल गिरोहों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या निवेश योजना से सावधान रहें और ऐसी जानकारी तुरंत पुलिस को दें।