डीडवाना-कुचामन पुलिस ने मादक पदार्थों के नष्टीकरण अभियान के तहत कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न प्रकरणों में जब्त 90 किलो से ज्यादा अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 13 लाख 64 हजार 100 रुपए आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार की गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में जिला स्तरीय औषधि व्ययन समिति की निगरानी में जिले के 4 थाना क्षेत्रों के 7 मामलों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 90 किलो 540 ग्राम डोडा पोस्त और 6 ग्राम एमडीएमए शामिल थे। इनका नष्टीकरण वैज्ञानिक एवं विधिक प्रक्रिया के तहत किया गया। एसपी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई करते हुए जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध नष्टीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि इनका दोबारा दुरुपयोग नहीं हो सके।