डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। परबतसर थाना पुलिस ने बिना नंबर के 2 डम्पर जब्त किए और 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार सघन गश्त के दौरान 3 अन्य बजरी से भरे डम्परों के ड्राइवर कार्रवाई से बचने के लिए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस संबंध में एक अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार डम्परों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश जारी है। एसपी शिवरान ने बताया कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।