डीडवाना-कुचामन पुलिस ने किडनैप और रेप के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की है। यह कार्रवाई एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर की गई। थाना पीलवा के थानाधिकारी अजय सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस के अनुसार, थाना पीलवा में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी को आरोपी बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने किडनैप का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ रेप भी किया था। इसके बाद विशेष टीम ने आरोपी की तलाश तेज की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली।