डीडवाना जिला पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 हजार 863 वाहन ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई की है। यह विशेष अभियान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से चलाया गया था। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में यह अभियान पूरे जिले में संचालित किया गया। इस दौरान पुलिस ने होटलों और ढाबों पर आकस्मिक चैकिंग की। विभिन्न स्थानों पर प्रभावी नाकाबंदी की और अनधिकृत रूप से मॉडिफाइड वाहनों के खिलाफ सघन कार्रवाई की। यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन ड्राइवरों के चालान काटे गए। पुलिस ने नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। उन्होंने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने और स्वयं के साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।