डीडवाना में वकीलों और पुलिस के बीच पांच दिनों से चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो गया है। पुलिस प्रशासन और अधिवक्ता संघ के बीच हुई अहम बैठक के बाद धरना प्रदर्शन खत्म करने का निर्णय लिया गया। पुलिस प्रशासन ने अधिवक्ता संघ की मुख्य मांग स्वीकार करते हुए डीडवाना थानाधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो के तबादले का आश्वासन दिया। इसके बाद वकीलों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया और न्यायिक कार्यों पर लौट आए। गौरतलब है कि एक वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में जिलेभर के वकील पिछले पांच दिनों से आंदोलन कर रहे थे। अधिवक्ता संघ के बैनर तले वकीलों ने जिला न्यायालय के बाहर धरना दिया और न्यायिक कार्यों का पूर्ण बहिष्कार किया था। वकीलों का आरोप था कि थानाधिकारी का व्यवहार आमजन और अधिवक्ताओं के प्रति ठीक नहीं है। उन्होंने थानाधिकारी पर कई बार अभद्रता और धमकी भरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया था। मामले के समाधान के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और विमल सिंह नेहरा की उपस्थिति में अधिवक्ता संघ के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सकारात्मक सहमति बनने के बाद अधिवक्ता संघ ने आंदोलन समाप्त करने की औपचारिक घोषणा कर दी। आंदोलन समाप्त होने से जिला न्यायालय में लंबित कार्य फिर से शुरू हो गए हैं, जिससे आमजन को भी राहत मिली है।