जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, डीडवाना के तत्वावधान में गठित मॉनिटरिंग एवं परामर्शदात्री समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को जिला एवं सेशन न्यायाधीश की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं समिति अध्यक्ष नाहर सिंह मीणा ने की। इस बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विकास ऐचरा और समिति सदस्य अधिवक्ता जयप्रकाश उपस्थित रहे। इस दौरान लीगल एड डिफेंस काउंसिल (LADC) कार्यालय, डीडवाना द्वारा 23 जून से 18 जुलाई 2026 तक किए गए समस्त विधिक कार्यों और विचाराधीन मामलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। समिति ने जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर पक्षकारों को सुलभ, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में विभिन्न मामलों में की गई पैरवी, प्रकरणों की प्रगति तथा भविष्य की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया गया। जिला एवं सेशन न्यायाधीश नाहर सिंह मीणा ने अधिकारियों एवं संबंधित अधिवक्ताओं को निर्देश दिए कि LADC के तहत लंबित एवं विचाराधीन प्रकरणों में समयबद्ध, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण पैरवी सुनिश्चित की जाए। इसका उद्देश्य पात्र व्यक्तियों को शीघ्र न्याय दिलाना है। उन्होंने यह भी कहा कि विधिक सहायता व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।