डीडवाना में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की 'मॉनिटरिंग एवं परामर्शदात्री समिति' की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला एवं सेशन न्यायाधीश तथा प्राधिकरण के अध्यक्ष नाहर सिंह मीणा ने की। प्राधिकरण के सचिव महावीर सिंह चारण ने बताया कि बैठक में समिति के सदस्य और वरिष्ठ अधिवक्ता जयप्रकाश भी उपस्थित रहे। बैठक में मुख्य रूप से लीगल एड डिफेंस काउंसिल (LADC) कार्यालय द्वारा पिछले एक माह में किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने लंबित प्रकरणों की स्थिति, उनके निस्तारण की गति और जरूरतमंद व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जा रही नि:शुल्क कानूनी सहायता के आंकड़ों का गहन अवलोकन किया। जिला एवं सेशन न्यायाधीश नाहर सिंह मीणा ने डिफेंस काउंसिल प्रणाली को और अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को समय पर और प्रभावी कानूनी सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि न्याय प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन में विधिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए। साथ ही, विधिक सेवा योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचे, जिससे हर जरूरतमंद व्यक्ति को न्याय मिल सके।