डीडवाना-कुचामन जिले के 8 नगर निकायों में सभापति और अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिले के अंतिम दिन बुधवार को कई उलटफेर हुए। सभी निकायों में उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पेश किए। डीडवाना में भाजपा और तीसरा मोर्चा खड़ा करने वाले विधायक यूनुस खान एक मंच पर आ गए है, जबकी कुचामन व मकराना में कांग्रेस ने एक बार फिर से हाइब्रिड फार्मूला अपनाया है। डीडवाना नगर परिषद के सभापति के लिए कांग्रेस की ओर से बाबू खान बेगाना ने सभापति पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं, भाजपा ने युनूस खान समर्थक निर्दलीय प्रत्याशी भंवरलाल पंवार को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। डीडवाना में भाजपा ने निर्दलीय को दिया समर्थन, कांग्रेस ने पूर्व अध्यक्ष को उतारा
डीडवाना में भंवरलाल पंवार भी निर्दलीय रूप में चुनावी मैदान में उतरे थे और उन्होंने भाजपा व कांग्रेस दोनों के उम्मीदवारों को हराकर चुनाव जीता था। इसके बाद विधायक यूनुस खान व भाजपा में गठबंधन की चर्चाएं चल रही थी। यह चर्चाएं आज उस वक्त सही साबित हो गई, जब यूनुस खान खेमे के भंवरलाल पंवार को भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। वहीं, कांग्रेस ने पूर्व पालिका अध्यक्ष रहे बाबू खान बेगाना को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। कुचामन सिटी में भाजपा ने निर्दलीय को, कांग्रेस का हाइब्रिड फॉर्मूला
कुचामन सिटी में भाजपा ने बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले महेश रामचन्द्रका को अपना उम्मीदवार बनाया है। महेश रामचंद्रका राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी के साथ रिटर्निंग कार्यालय पहुंचे और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। कांग्रेस ने एक बार फिर हाइब्रिड प्रत्याशी उतारा है। कांग्रेस ने निवर्तमान सभापति आसिफ खान के भाई आरिफ खान को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। वहीं, निर्दलीय के रूप में नासिर रंगरेज ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। मकराना: कांग्रेस ने उतारा हाइब्रिड प्रत्याशी, भाजपा ने नामांकन ही नहीं भरा
मकराना नगर परिषद में सभापति पद के लिए कुल चार नामांकन दाखिल किए गए। कांग्रेस ने वार्ड 34 से पार्षद का चुनाव हारे रियाज अहमद गौड़ को हाइब्रिड सिस्टम से अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, दो कांग्रेसी पार्षदों ने पार्टी प्रत्याशी से अलग होकर निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल किया है। वहीं, एक निर्दलीय हारून रशीद ने भी अपना नामांकन प्रस्तुत किया है। वार्ड 32 से कांग्रेस पार्षद फारूक अहमद गौड़ और वार्ड 12 से कांग्रेस पार्षद अब्दुल रहीम ने भी निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल किया, जबकि वार्ड 27 से निर्दलीय पार्षद हारून रशीद चौधरी ने भी सभापति पद के लिए नामांकन किया है। खास बात यह रही कि भाजपा की ओर से सभापति पद के लिए कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया। इन पालिकाओं में भी भरे नामांकन परबतसर में भाजपा से भगवान बंग ने और कांग्रेस से बजरंग लाल माली ने नामांकन दाखिल किया। वहीं, बोरावड़ नगर पलिका में अध्यक्ष पद के लिए 7 नामांकन पेश हुए। यहां भाजपा से संजू देवी व रविना ने नामांकन पेश किया। वहीं, कांग्रेस से कोमल, अंजु व मनफूल ने नामांकन दाखिल किया। लाडनूं नगर पालिका में भाजपा की ओर से निर्मला देवी जांगिड़ और कांग्रेस की ओर से परवीन सिसोदिया ने नामांकन दाखिल किए। वहीं, सुमन कंवर व हसीना बानो ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चे पेश किए। इसी नावां नगर पालिका में भाजपा प्रत्याशी पूजा मारवाल और कांग्रेस प्रत्याशी कविता मोरवाल ने अपने नामांकन पत्र पेश किए। छोटी खाटू नगर पालिका में कांग्रेस उम्मीदवार राजुराम मेघवाल ने ओर भाजपा उम्मीदवार विमला देवी रैगर ने अपने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। ज्यादातर स्थानों पर भाजपा और कांग्रेस में सीधा मुकाबला है। वहीं, मकराना व कुचामन में कांग्रेस ने हाइब्रिड फार्मूला अपनाया है। डीडवाना व कुचामन में भाजपा ने निर्दलीय चुनाव जीते प्रत्याशियों को अपने पाले में लाकर अपने उम्मीदवार बनाए हैं। ऐसे में अब देखना होगा कि दोनों ही पार्टियां कितने निकायों पर कब्जा जमा पाती है और उनके कितने सभापति चुने जाते हैं।