डीडवाना के मारवाड़ बालिया में पाढ़ाय माता मंदिर के सामने मंगलवार को एक कार और लोडिंग टेम्पो में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार 1 महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हुए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और टेम्पो सड़क किनारे पलट गया। हादसे में दादूबासनी की सादिया बानो (35) की मौत हो गई। कार में सवार साईंमान (16), मुनीबा बानो (4) और फरहान (18) घायल हुए। लोडिंग टेम्पो का ड्राइवर सुरक्षित बच गया। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत डीडवाना के बांगड़ अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने शुरुआती इलाज के बाद फरहान की गंभीर हालत देखते हुए उसे रेफर कर दिया। पुलिस को सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिवार को सौंप दिया गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।