डीडवाना में बुधवार रात जिला प्रशासन ने आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से एक विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास के तहत शहर में प्रतीकात्मक 'ब्लैकआउट' किया गया, जिससे कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में अंधेरा छा गया। निर्धारित समय पर सायरन बजते ही, प्रशासन की अपील पर शहरवासियों ने सक्रियता दिखाते हुए अपने घरों, दुकानों और वाहनों की अनावश्यक लाइटें बंद कर दी। यह 'ब्लैकआउट' 15 मिनट तक चला, जिसमें आमजन की जागरूकता और सहभागिता स्पष्ट रूप से देखी गई। पुलिस और प्रशासन नजर आया मुस्तैद ड्रिल के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शहर के विभिन्न स्थानों पर मुस्तैद रहे। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी। इस अभ्यास के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई, जिससे इसे सफल माना गया। जिला प्रशासन ने इस मॉक ड्रिल में सहयोग के लिए आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभ्यासों का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना और नागरिकों को सजग व प्रशिक्षित करना है। इसका लक्ष्य भविष्य में किसी भी संकट के दौरान बेहतर समन्वय स्थापित करना है।