डीडवाना-कुचामन जिले की आठ नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में सभापति एवं अध्यक्ष पद के चुनाव के परिणाम सामने आने के साथ ही निकायों की नई राजनीतिक तस्वीर साफ हो गई है। डीडवाना, कुचामन सिटी और परबतसर में भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की, जबकि मकराना, लाडनूं, नावां, छोटी खाटू और बोरावड़ में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। डीडवाना नगर परिषद में भाजपा के भंवरलाल पंवार ने कांग्रेस के बाबू खान बेगाना को 24-16 के अंतर से हराया। वहीं कुचामन में भाजपा के महेश रामचंद्रका ने 25 वोट लेकर कांग्रेस प्रत्याशी आरिफ को पांच वोट से हराया। डीडवाना में 24 वोट से भंवरलाल पंवार सभापति डीडवाना नगर परिषद में सोमवार को सभापति पद का चुनाव हुआ। भाजपा प्रत्याशी भंवरलाल पंवार को 24 वोट, जबकि कांग्रेस के बाबू खान बेगाना को 16 वोट मिले। पंवार ने आठ वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। 40 सदस्यीय नगर परिषद में सभापति चुनाव के लिए बहुमत का आंकड़ा 21 था। पंवार को बहुमत से तीन वोट अधिक मिले। 40 पार्षदों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी डीडवाना नगर परिषद के चुनाव परिणाम में कांग्रेस के 16, निर्दलीय 14, भाजपा के 9 और आरएलपी का एक पार्षद निर्वाचित हुआ था। कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद अध्यक्ष पद के लिए उसे बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए अन्य पार्षदों के समर्थन की जरूरत थी।
भाजपा-यूनुस खान समर्थक पार्षदों का समीकरण सभापति चुनाव से पहले भाजपा और निर्दलीय विधायक यूनुस खान के बीच राजनीतिक समीकरण सामने आया था। भाजपा ने यूनुस खान समर्थक निर्दलीय भंवरलाल पंवार को अपना प्रत्याशी बनाया था। चुनाव से पहले बने समीकरण में भाजपा के नौ पार्षदों के साथ यूनुस खान खेमे के निर्दलीय पार्षदों का समर्थन पंवार के पक्ष में बताया गया था। मतदान के बाद परिणाम ने इस समीकरण को स्पष्ट कर दिया। बसों से पहुंचे पार्षद, शपथ के बाद मतदान सभापति चुनाव के लिए सोमवार सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान से करीब आधे घंटे पहले भाजपा के नौ पार्षद और यूनुस खान खेमे के 13 निर्दलीय पार्षद बसों से नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। रिटर्निंग अधिकारी राजवीर सिंह यादव ने पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। शुरुआती चरण में 24 पार्षदों ने डाला वोट सुबह करीब 10:30 बजे तक भाजपा के नौ, 13 निर्दलीय और आरएलपी की एक महिला पार्षद मतदान कर चुकी थीं। कांग्रेस के सभापति प्रत्याशी बाबू खान बेगाना ने भी वोट डाला। इस तरह शुरुआती चरण में कुल 24 पार्षद मतदान कर चुके थे। मतदान के लिए दोपहर 2 बजे तक का समय निर्धारित था, जिसके बाद मतगणना की गई। सुरक्षा के बीच हुई मतदान प्रक्रिया चुनाव को देखते हुए नगर परिषद कार्यालय के अंदर और बाहर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। मतदान के बाद भाजपा और निर्दलीय पार्षद बसों से अपने-अपने खेमों की ओर रवाना हुए। मतगणना के बाद भंवरलाल पंवार को विजयी घोषित किया गया। कुचामन सिटी में भी भाजपा का बोर्ड कुचामन नगर परिषद में भाजपा के महेश रामचंद्रका सभापति निर्वाचित हुए। उन्हें 25 वोट, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी आरिफ को 20 वोट मिले। रामचंद्रका ने पांच वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। इस परिणाम के साथ कुचामन नगर परिषद में भी भाजपा का बोर्ड बना। मकराना में रियाज गौड़ ने जीता सभापति पद मकराना नगर परिषद में कांग्रेस के रियाज अहमद गौड़ सभापति निर्वाचित हुए। उन्हें कुल 60 में से 36 वोट मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी हारून रशीद को 24 वोट प्राप्त हुए। मकराना नगर परिषद में कांग्रेस के 18, भाजपा के छह और निर्दलीय 36 पार्षद निर्वाचित हुए थे। रियाज अहमद गौड़ को कांग्रेस के 18 पार्षदों के साथ निर्दलीय पार्षदों का समर्थन मिला। लाडनूं में परवीन अध्यक्ष बनीं लाडनूं नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की परवीन ने जीत दर्ज की। उन्हें 25 वोट, जबकि भाजपा की निर्मला देवी जांगिड़ को 20 वोट मिले। परवीन ने पांच वोटों के अंतर से जीत हासिल की। नावां में कविता कुमावत को 16 वोट नावां नगरपालिका में कांग्रेस की कविता कुमावत पालिकाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। उन्हें 16 वोट, जबकि भाजपा की पूजा कुमावत को नौ वोट मिले। कविता कुमावत ने सात वोटों के अंतर से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। छोटी खाटू में राजूराम मेघवाल की जीत छोटी खाटू नगरपालिका में कांग्रेस के राजूराम मेघवाल पालिकाध्यक्ष बने। उन्हें 12 वोट, जबकि भाजपा की विमला को आठ वोट मिले। राजूराम मेघवाल ने चार वोटों के अंतर से अध्यक्ष पद हासिल किया। परबतसर में एक वोट से भाजपा की जीत परबतसर नगरपालिका में मुकाबला बेहद करीबी रहा। भाजपा के श्रीभगवान बंग ने कांग्रेस के बजरंगलाल माली को एक वोट से हराया। श्रीभगवान बंग को 25 में से 13 वोट, जबकि बजरंगलाल माली को 12 वोट मिले। श्रीभगवान बंग दूसरी बार परबतसर नगरपालिका के अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले वर्ष 2010 में वे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पालिकाध्यक्ष निर्वाचित हुए थे। बोरावड़ में मनफूल देवी ने मारी बाजी मकराना क्षेत्र की बोरावड़ नगरपालिका में कांग्रेस की मनफूल देवी पालिकाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। उन्हें 13 वोट, जबकि भाजपा की संजू देवी को 12 वोट मिले। मनफूल देवी ने एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की और अध्यक्ष पद के लिए जरूरी 13 वोट हासिल किए। आठ निकायों में 3 भाजपा, 5 कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष एवं सभापति पद के सभी परिणाम सामने आने के बाद डीडवाना-कुचामन जिले की आठ निकायों की तस्वीर स्पष्ट हो गई है। भाजपा ने डीडवाना, कुचामन सिटी और परबतसर में अध्यक्ष/सभापति पद हासिल किया है। वहीं कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी मकराना, लाडनूं, नावां, छोटी खाटू और बोरावड़ में निर्वाचित हुए हैं। निकाय अनुसार दलगत स्थिति का सारांश: भाजपा समर्थित बोर्ड (3 निकाय): डीडवाना, कुचामन सिटी, परबतसर। कांग्रेस समर्थित बोर्ड (5 निकाय): मकराना, लाडनूं, नावां, छोटी खाटू, बोरावड़।