डीडवाना शहर के जबरेश्वर बालाजी मंदिर के पास बुधवार को नगर परिषद की रोड लाइट शाखा की टीम पर हमला किया गया। टीम बंद पड़ी रोड लाइट की शिकायत का निस्तारण करने पहुंची थी। जांच के दौरान टीम ने रोड लाइट की लाइन से बिजली चोरी का मामला पकड़ा। नगर परिषद के कर्मचारी जैसे ही अवैध तार हटाने लगे, वहां मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया। आरोप है कि महिलाओं को आगे कर ठेका कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। हमलावरों ने लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। नगर परिषद की ओर से राजकार्य में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारियों से मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कराया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।