डीडवाना-कुचामन जिले में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। एसपी ऋचा तोमर के नेतृत्व में अप्रैल महीने में "ऑपरेशन म्यूल हंटर" नामक विशेष अभियान के तहत साइबर ठगी में शामिल गिरोहों पर कार्रवाई की गई। इस अभियान के तहत 1 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच जिलेभर में कुल 32 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने इन मामलों में 20 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे बैंक खातों, सिम कार्ड और डिजिटल नेटवर्क पर भी सख्त कदम उठाए गए। संगठित म्यूल अकाउंट नेटवर्क का भंडाफोड़ जांच में सामने आया कि अपराधी गरीब और भोले-भाले लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते किराए पर लेते थे। इन खातों के माध्यम से ठगी की रकम तुरंत ट्रांसफर कर निकाल ली जाती थी। पुलिस ने ऐसे संगठित म्यूल अकाउंट नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। अभियान के दौरान फर्जी इन्वेस्टमेंट, टास्क, जॉब और गेमिंग ऐप के नाम पर चल रहे साइबर फ्रॉड नेटवर्क का भी पर्दाफाश हुआ। अपराधी लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए टेलीग्राम, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करते थे। 72 मोबाइल, 97 एटीएम कार्ड, 13 लैपटॉप समेत सामान जब्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं। इनमें 72 मोबाइल फोन, 97 एटीएम कार्ड, 13 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 29 बैंक पासबुक, 8 चेकबुक, 2 बायोमेट्रिक मशीन और 16 सिम कार्ड शामिल हैं। इस अभियान में खुनखुना, चितावा, लाडनूं, कुचामन सिटी, परबतसर, मकराना, नावां और गच्छीपुरा सहित सभी थानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खुनखुना थाना में सबसे अधिक प्रकरण दर्ज किए गए, जबकि गच्छीपुरा और कुचामन सिटी में संगठित गिरफ्तारियां की गईं।