डीडवाना-कुचामन पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत गुम और चोरी हुए 151 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख 30 हजार रुपए है। इन मोबाइलों को उनके मालिकों को लौटा दिया गया है। जिले के सभी थानों और साइबर सेल की संयुक्त टीमों ने राजस्थान सहित अन्य राज्यों से इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया। एसपी ऋचा तोमर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में यह सभी मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। एसपी ने बताया कि मोबाइल ट्रेसिंग के लिए पुलिस टीमों ने CEIR पोर्टल का उपयोग कर विशेष अनुसंधान किया। इस अभियान के तहत पहले भी 570 से ज्यादा मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं। अब तक कुल 725 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जो इस अभियान की व्यापक सफलता को दर्शाता है। एसपी तोमर ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं। साथ ही, CEIR पोर्टल पर IMEI नंबर दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक करवा दें। बरामद होने पर इसी पोर्टल के माध्यम से उसे अनब्लॉक कराया जा सकता है।