डीडवाना के सालासर चौराहे पर सोमवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो बच्चे और एक महिला शामिल हैं। दुर्घटना के बाद कार ड्राइवर मौके से वाहन सहित फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां से गुजर रहे समाजसेवी जगमाल धेतरवाल ने घायलों को अपने निजी वाहन से तुरंत राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। घायलों की पहचान फोगड़ी निवासी मूलचंद नायक, सीता देवी, आदित्य और प्रीति के रूप में हुई है। डॉक्टरों ने बताया कि चारों घायलों का इलाज किया गया। इनमें से दो की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर डीडवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फरार कार ड्राइवर की तलाश जारी है।