डीडवाना में शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने इसकी अध्यक्षता की। बैठक में सड़क दुर्घटनाएं रोकने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। रतन कुमार ने चिह्नित ब्लैक स्पॉट्स का संबंधित विभागों से संयुक्त सर्वे कराने और जल्द सुधार करने को कहा। इन जगहों पर जरूरत के मुताबिक स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और चेतावनी वाले साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों सहित शहर के प्रमुख रास्तों से यातायात में रुकावट बन रहे अवैध अतिक्रमण हटाने और पार्किंग व्यवस्था सुधारने को कहा। सार्वजनिक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को खराब सड़कों और गड्ढों की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। स्कूलों और प्रमुख चौराहों के पास जेब्रा क्रॉसिंग और रम्बल स्ट्रिप्स बनाने को भी कहा गया। परिवहन और पुलिस विभाग को तेज गति से वाहन चलाने, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चलाने और ओवरलोडिंग करने वालों के लगातार चालान काटने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में परिवहन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), नगर परिषद और चिकित्सा विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी और जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मौजूद रहे।