डीडवाना के सुद्रासन गांव की फुटबॉल खिलाड़ी प्रतिज्ञा मेहरा ने खेल जगत में एक और उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शंकरलाल मेहरा की बेटी प्रतिज्ञा का लगातार चौथी बार राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। वह अभी हिंदुस्तान जिंक फुटबॉल अकादमी में ट्रेनिंग ले रही हैं। इस बार उन्हें राजस्थान फुटबॉल टीम का कप्तान भी बनाया गया है। प्रतिज्ञा का लगातार चौथी बार राष्ट्रीय स्तर पर चयन और राजस्थान टीम की कमान मिलना उनकी मेहनत, अनुशासन, प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण को दिखाता है। बताया गया है कि कई सालों बाद जिले की किसी बालिका खिलाड़ी को राजस्थान टीम की कप्तानी का मौका मिला है। प्रतिज्ञा की इस उपलब्धि से सुद्रासन गांव और डीडवाना क्षेत्र में खुशी है। प्रतिज्ञा की सफलता में उनके नियमित अभ्यास, परिवार के सहयोग और कोच शादाब उस्मानी के मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है। अकादमी के संरक्षक डॉ. सोहन चौधरी ने प्रतिज्ञा की उपलब्धि पर खुशी जताई और उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। अगर उन्हें अच्छी ट्रेनिंग, सुविधाएं और मौके मिलें तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकती हैं। प्रतिज्ञा के राजस्थान टीम की कप्तान बनने पर रहमान, नितेश बाजारी, अजीज तबाक, आसिफ इकबाल खान, फराज खान, सद्दाम खान, वीपी सिंह, अशफाक खान, नियाज मोहम्मद खान, अनवर खान, हनीफ खान, अमानुल्लाह सिद्दीकी, अजीत सिंह एडवोकेट, ओम जी, अशोक दादली, गजराज सिंह, दामोदर होलानी, मोनू सिंह और नजीर खान नेगी सहित डीडवाना जिले के खेल संघों और खेल प्रेमियों ने बधाई दी।