डीडवाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह टेलीग्राम एप के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग, क्रिकेट सट्टा और बुकी चलाकर लाखों रुपए की ठगी करता था। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 13 एंड्रॉयड मोबाइल, 2 लैपटॉप, 3 एटीएम कार्ड, 7 सिम कार्ड, 1 वाई-फाई ब्रॉडबैंड और 2 हिसाब-किताब की डायरी सहित अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और वृताधिकारी जेठू सिंह के पर्यवेक्षण में खुनखुना थाना टीम ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी गरिमा चौधरी के नेतृत्व में पुलिस दल ने ग्राम बडाबरा स्थित एक मकान पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ा। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी टेलीग्राम ऐप के जरिए लोगों को लिंक भेजकर ऑनलाइन गेमिंग और क्रिकेट सट्टे में निवेश का लालच देते थे। इसके बाद वे आम लोगों से लाखों रुपए की ठगी कर रकम को ऑनलाइन माध्यम से निकाल लेते थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान नरेंद्र रॉयल (29) को गिरफ्तार किया है, जो बडाबरा, थाना खुनखुना का निवासी है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 13 एंड्रॉयड मोबाइल, 2 लैपटॉप (चार्जर सहित), 3 एटीएम कार्ड, 7 सिम कार्ड, 1 वाई-फाई ब्रॉडबैंड और 2 हिसाब-किताब की डायरी सहित अन्य सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गरिमा चौधरी के साथ सहायक उपनिरीक्षक राधेश्याम, हेड कॉन्स्टेबल (साइबर सेल) नरेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल रामकिशोर, भजनलाल, बजरंगलाल, राधेश्याम और सुरजाराम की अहम भूमिका रही। कॉन्स्टेबल राधेश्याम का विशेष योगदान रहा।