डीडवाना में सोमवार को एक शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना के तहत पेयजल कार्यों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह भ्रमण हुआ। इस दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं ने जगदम्बा कॉलोनी स्थित सीडब्ल्यूआर जल शोधन संयंत्र का दौरा कर पेयजल परियोजना की तकनीकी जानकारी प्राप्त की। यह भ्रमण अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार के निर्देशन और अधिशाषी अभियंता राजकुमार मीणा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। सहायक अभियंता अनिल सैनी के सहयोग से विद्यार्थियों ने निर्माणाधीन जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण किया और उसके कार्यों को करीब से समझा। एल एंड टी के परियोजना प्रबंधक जितेंद्र ने संयंत्र की ड्राइंग के माध्यम से जल शोधन प्रक्रिया और निर्माण तकनीक की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने उत्सुकता के साथ सवाल पूछे, जिनके विशेषज्ञों द्वारा सरल भाषा में जवाब दिए गए। कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रों ने पेयजल नेटवर्क प्रणाली को भी समझा। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार शोधन संयंत्र से पानी विभिन्न पाइपलाइनों के जरिए घरों तक पहुंचाया जाएगा। एल एंड टी के परियोजना प्रबंधक अभिजीत धारा ने जल संरक्षण पर जोर देते हुए आम उपभोक्ताओं को पानी की बर्बादी रोकने के उपाय भी बताए। साथ ही नई वितरण प्रणाली के फायदे और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता की प्रक्रिया समझाई गई। यह गतिविधि ‘जल शक्ति अभियान – कैच द रेन’ के अंतर्गत आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में एल एंड टी के अर्पण ने विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया। इस आयोजन को सफल बनाने में सामुदायिक जागरूकता एवं जन सहभागिता इकाई की सविता शर्मा, सर्वेदक किशन सिंह सहित अन्य अधिकारियों का विशेष योगदान रहा।