डीग जिले की जुरहरा थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने हनीट्रैप और पुराने सिक्कों के नाम पर ठगी करने वाले 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 4 एंड्रॉइड फोन और 8 फर्जी सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। थाना अधिकारी गिर्राज ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर जुरहरा पुलिस ने अहलवाडी रोड पर नई प्लॉटिंग क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मोबाइल चला रहे 6 युवकों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने घेराबंदी कर मुस्तकीम, आसिप, जनरेल सिंह और तालिम नामक 4 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर 2 आरोपी भागने में सफल रहे। लड़कियों की फर्जी आईडी बनाकर फंसाते थे पुलिस के अनुसार, ये ठग लड़कियों की फर्जी आईडी बनाकर लोगों को वीडियो कॉल के जरिए अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनसे पैसे वसूलते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि ये अपराधी अन्य ठगों को भी ऊंचे दामों पर फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराते थे। पुलिस पकड़े गए सभी साइबर ठगों से गहनता से पूछताछ कर रही है। इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।