डीग पुलिस ने गौतस्करी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पहाड़ी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई करते हुए एक गाय को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बोलेरो पिकअप को भी जब्त कर लिया। जिला स्पेशल टीम (DST) को सूचना मिली थी कि एक गाय को गौतस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर सोमका तिराहे से आगे अमरूका रोड पर नाकाबंदी की गई। पुलिस ने एक बोलेरो पिकअप को रोककर तलाशी ली, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान खालिद (26) निवासी गंगवानी, थाना पिनगवां, जिला नूंह हरियाणा और सिहाजत (40) निवासी पापड़ी, थाना पिनगवां, जिला नूंह हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने मुक्त कराई गई गाय को गौशाला भिजवा दिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आरबीए एक्ट की धारा 5/8 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस पूरी कार्रवाई में पहाड़ी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।