डीग जिले के कुम्हेर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत के बाद हंगामा हो गया। परिवार ने आरोप लगाया कि युवक की पीट-पीटकर हत्या की गई है। विरोध प्रदर्शन में भरतपुर कांग्रेस सांसद संजना जाटव भी पहुंचीं। पुलिस-प्रशासन ने परिवार की मांगें नहीं मानी तो सांसद ने डेडबॉडी को जबरन पुलिस महानिरीक्षक (IG) ऑफिस ले जाने की कोशिश की। डीग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) ने सांसद को रोका तो वो उन पर भड़क गईं। सांसद ने कहा कि- आप में हिम्मत होनी चाहिए, लगाओ हथकड़ी मेरे, कर दो मेरे ऊपर केस। पुलिस अधीक्षक की समझाइश के बाद हंगामा शांत हुआ। मामला जिले के चौकीपुरा गांव में बुधवार (15 जुलाई) सुबह का है। सबसे पहले सांसद की नाराजगी का VIDEO अब जानिए- क्या है मामला भरतपुर के हॉस्पिटल में हुई थी मौत: जानकारी के अनुसार चौकीपुरा निवासी 40 वर्षीय धर्मवीर पुत्र भंवर सिंह 12 जुलाई को गांव के बाहर घायल मिले थे। उन्हें भरतपुर के राज बहादुर मेमोरियल (RBM) हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में जयपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान 14 जुलाई को उनकी मौत हो गई। पीट-पीटकर हत्या का आरोप: धर्मवीर के परिवार का आरोप था कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि उनकी पीट-पीटकर की गई हत्या है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी सहित 3 मांग को लेकर 14 जुलाई को कुम्हेर थाने पर प्रदर्शन भी किया। शव को आईजी ऑफिस ले जाने की कोशिश: करीब 24 घंटे तक परिवार व ग्रामीण चौकीपुरा गांव में प्रदर्शन करते रहे। बुधवार सुबह भरतपुर सांसद संजना जाटव भी प्रदर्शन में पहुंची। उन्होंने कहा कि- हमारी मांग नहीं मानी गई हैं, इसलिए शव को आईजी ऑफिस लेकर जा रहे हैं। इसके बाद करीब एक घंटे तक ग्रामीणों और सांसद की पुलिस के साथ बहसबाजी हुई। अब देखिए- बहसबाजी और विरोध प्रदर्शन से जुड़ी PHOTOS… सांसद बोलीं- मेरे साथ पुलिस ने बदतमीजी की संजना जाटव ने बताया कि- मजबूरन मुझे धरने पर बैठना पड़ा। जब मैं न्याय के लिए शव को आईजी ऑफिस ले जाने लगी तो पुलिस कर्मी मेरे आगे खड़े हो गए और शव को नहीं ले जाने दिया। इसके बाद मौके पर तनावपूर्ण माहौल हो गया।मेरे और ग्रामीणों के साथ पुलिस प्रशासन के द्वारा बदतमीजी की गई। मुझे मजबूरन कहा गया कि आप मेरे को हथकड़ी लगाए और जेल में डालें। एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने बताया कि हंगामे की सूचना मिलने के बाद मैं मौके पर पहुंचा और आश्वासन दिया कि जो मांगें हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी और जो दोषी हैं उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। राजनीतिक तूल देने का आरोप एएसपी अखिलेश कुमार शर्मा ने कहा कि कुछ लोग इस मामले को राजनीतिक तूल देना चाह रहे है। पुलिस बार-बार पीड़ित परिवार को आश्वासन दे रही थी जो दोषी होंगे उन्हें नहीं बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है।