डीग पुलिस ने 'ऑपरेशन एंटीवायरस' के तहत साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार और एक विधि से संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया है। आरोपियों के कब्जे से छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 10 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर दुधारू पशुओं की फर्जी बिक्री और शादी कराने का झांसा देकर लोगों से हजारों रुपए ठगते थे। एसपी के निर्देशन में अभियान पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन एंटीवायरस' के तहत यह कार्रवाई की गई। जुरहरा थाना पुलिस ने पांच साइबर ठगों को गिरफ्तार किया, जबकि सीकरी थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर एक विधि से संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया। पशु बेचने के नाम पर ठगी का तरीका जुरहरा पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर दुधारू गाय-भैंसों को सस्ते दामों में बेचने के फर्जी विज्ञापन डालते थे। विज्ञापन देखकर संपर्क करने वाले लोगों से पशु पहुंचाने के नाम पर किराया फर्जी बैंक खातों में जमा करवाकर ठगी की जाती थी। शादी का झांसा देकर भी ऐंठते थे पैसे आरोपी फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर शादी कराने का झांसा भी देते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, मेकअप और कपड़ों के एडवांस के नाम पर लोगों से रकम वसूल लेते थे। इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी जुरहरा थाना पुलिस ने नजाकत, आसिद खान, नफीस, सुबीन खान और आकिप को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और आठ फर्जी सिम कार्ड जब्त किए गए। वहीं, सीकरी थाना पुलिस ने सैदमपुर (जिला अलवर) निवासी वसीम अकरम को गिरफ्तार किया तथा एक विधि से संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया। इनके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए। आमजन से सतर्क रहने की अपील पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. ने कहा कि जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर आने वाले फर्जी विज्ञापनों, सस्ते सौदों और लालच भरे ऑफरों से सावधान रहने तथा बिना सत्यापन किसी भी खाते में पैसा जमा नहीं करने की अपील की।