डीग में पुलिस ने संगठित और आदतन अपराधियों के खिलाफ 'ऑपरेशन शिकंजा' नामक एक विशेष अभियान शुरू किया है। एसपी शरण गोपीनाथ के. के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत शुरुआती 48 घंटों में 40 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इसका उद्देश्य जिले में भयमुक्त वातावरण बनाना और कानून व्यवस्था को मजबूत करना है। एसपी ने बताया कि यह अभियान 25 अप्रैल से शुरू हुआ है। इसका मुख्य फोकस स्थायी वारंटी, भगोड़े, उद्घोषित अपराधियों और इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी पर है। जिले के विभिन्न थानों की टीमों ने मिलकर चिह्नित स्थानों पर छापेमारी कर इन अपराधियों को पकड़ा। और तेज होगा अभियान 'ऑपरेशन शिकंजा' का लक्ष्य उन अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में कई आदतन अपराधी भी शामिल हैं, जिनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई से पुलिस ने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है। एसपी ने बताया कि यह अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा। पुलिस की इस सक्रियता से अपराधियों में खलबली मची है, जबकि आम जनता ने इस कार्रवाई की सराहना की है।