डीग कोतवाली पुलिस ने बुधवार रात शहर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट (एमवी एक्ट) के तहत कई वाहनों के चालान काटे गए। इस अभियान में बिना हेलमेट, सीट बेल्ट के बिना वाहन चलाने वाले, बाइक पर 3 सवारी बैठाने वाले और बुलेट जैसी बाइकों में तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाने वालों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने उल्लंघनकर्ताओं को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी। कोतवाली प्रभारी सीआई रामनरेश मीणा ने बताया कि यह कार्रवाई उनके नेतृत्व में की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देशों पर चलाया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। पुलिस ने आमजन से अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। इसमें हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने पर जोर दिया गया।