डीग जिले के योगेंद्र सोगरवाल ने बीकानेर में आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर और जूनियर पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने 83 किलोग्राम वर्ग में 740 किलोग्राम भार उठाकर यह उपलब्धि हासिल की। यह प्रतियोगिता 25 से 27 अप्रैल तक बीकानेर में आयोजित की गई थी, जिसमें डीग जिले की टीम ने भाग लिया। इसी प्रतियोगिता में 66 किलोग्राम वर्ग में मयंक डागर ने 620 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक अपने नाम किया। स्वर्ण पदक विजेता योगेंद्र सोगरवाल का चयन राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए किया गया है। वह आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राजस्थान टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह जानकारी संघ के अध्यक्ष अमन ने दी।