डीग के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में सोमवार को एसपी शरण गोपीनाथ कांबले पहुंचे। उन्होंने सुबह 8 बजे छात्रों को संबोधित किया। विद्यालय के अध्यापकों ने साफा और दुपट्टा पहनाकर एसपी का स्वागत किया। अपने संबोधन में एसपी कांबले ने छात्रों को हमेशा सच्चाई के रास्ते पर चलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए और उसे पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित रहना चाहिए। जीवन का अनुभव किया शेयर एसपी कांबले ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने छोटी उम्र में कई बड़ी चुनौतियों का सामना किया है। उन्होंने कहा कि वे एक साधारण परिवार से आते हैं और उनके गांव के लोग बचपन से ही उन्हें बड़ा अधिकारी बनने की बात कहते थे। इसी प्रेरणा से उन्होंने मन लगाकर पढ़ाई की। साइबर क्राइम से बचने के तरीके बताए उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि जब तक उनका लक्ष्य पूरा नहीं हो जाए, उन्हें सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। एसपी ने साइबर क्राइम से बचने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगर किसी के साथ साइबर फ्रॉड हो जाए तो 1930 पर कॉल करना चाहिए। एसपी कांबले ने यह भी कहा कि बच्चों को पुलिस संबंधित शिकायत नंबरों को हमेशा ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि बच्चे अगर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का उपयोग करते हैं तो उन्हें अपने परिवार के साथ ही बैठकर उसका उपयोग करना चाहिए, अकेले में सोशल मीडिया का उपयोग न करें। इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल नीता गुप्ता ने कहा कि स्कूल में छात्राओं के साथ अच्छा व्यवहार किया जाता है और उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जाता है। कार्यक्रम में डीग महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय की प्रिंसिपल नीता गुप्ता, रेनू जांगिड़, हरेश कुमारी, निक्की सिंह, अनीता, संगीता, सत्यपाल, सलोनी, करिश्मा, भास्कर व्यास, शिवकुमार शर्मा, महेंद्र सिंह, लोकेंद्र सिंह, नत्था सिंह, ओम प्रकाश, छिददी सिंह, सियाराम, पवन, कांस्टेबल देवेश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।